कबीर की वाणी से समरसता का संदेश,साय सरकार का बड़ा ऐलान,बिजली बिल राहत योजना तीन महीने और बढ़ी
रायपुर । राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर जयंती महोत्सव में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संत कबीर के विचारों को आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक बताते हुए समरसता, सत्य, सेवा और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह बढ़ाने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु असंग देव के आशीर्वाद से हुई। राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि जात-पात, ऊंच-नीच और आडंबर से ऊपर उठकर मानवता की सेवा ही संत कबीर की सबसे बड़ी सीख है। उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान राष्ट्र निर्माण की चेतना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपना जीवन जाति-पांति, छुआछूत, पाखंड और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण में समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है तथा पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जहां निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ाई जाएगी। इससे अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।
गुरु असंग देव ने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बताते हुए समाज में संवाद, प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सलवाद के कारण विकास बाधित था, वहां अब शांति और विकास का वातावरण बन रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संत कबीर के विचारों को सामाजिक सुधार का आधार बताते हुए वृक्षारोपण को भविष्य की पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर का सत्य, सेवा और सादगी का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए उतना ही प्रासंगिक है जितना सदियों पहले था।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जनप्रतिनिधियों, संत-महात्माओं, कबीरपंथी अनुयायियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

Reporter 

