दिल्ली में गूंजा छत्तीसगढ़ का मॉडल, शिवराज सिंह चौहान ने की ‘डीलर दीदी’ और मटेरियल बैंक की खुलकर सराहना : राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में छत्तीसगढ़ बना देश के लिए मॉडल, विजय शर्मा ने रखा राज्य के नवाचारों का दमदार पक्ष
रायपुर/नई दिल्ली।
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में छत्तीसगढ़ ने अपनी अभिनव पहलों से देशभर का ध्यान आकर्षित किया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत विकसित राज्य के मटेरियल बैंक मॉडल और “डीलर दीदी” व्यवस्था को राष्ट्रीय मंच पर बड़ी पहचान मिली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं इस मॉडल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास और आवास निर्माण के क्षेत्र में देश के लिए अनुकरणीय पहल बताया।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने किया। उन्होंने राज्य सरकार की ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
छत्तीसगढ़ का मटेरियल बैंक मॉडल आज देश के लिए एक प्रभावी उदाहरण बनकर उभरा है। इस मॉडल के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं “डीलर दीदी” के रूप में कार्य कर रही हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को एक ही स्थान पर निर्माण सामग्री उपलब्ध करा रही हैं। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण कार्य तेज, सुगम और कम लागत वाला बना है।
इस अभिनव व्यवस्था ने न केवल गरीब परिवारों के पक्के घरों के सपनों को गति दी है, बल्कि हजारों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बनाया है। प्रदेश की 10 हजार से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जिससे महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन को नई मजबूती मिली है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने आरसेटी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत युवाओं को कौशल एवं रोजगार से जोड़ने के प्रयासों को भी सराहा।
विशेष रूप से पिछले वित्तीय वर्ष में आरसेटी के माध्यम से देश में सर्वाधिक राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्रदान करने की उपलब्धि को भी सम्मेलन में सराहना मिली। केंद्रीय मंत्री ने इन पहलों को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का अनुभव देशभर के ग्रामीण विकास कार्यक्रमों को नई दिशा दे सकता है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास, स्वरोजगार, कौशल उन्नयन और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सराहना राज्य की जनकल्याणकारी नीतियों, नवाचारों और प्रभावी क्रियान्वयन की बड़ी उपलब्धि है।
नई दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर मिली यह पहचान न केवल छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि प्रदेश का ग्रामीण विकास मॉडल अब देश के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।

Reporter 

