जशपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव के बीच जशपुर जिले में बारिश ने दूसरे दिन और जोर पकड़ लिया। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त आकस्मिक वर्षा के आंकड़ों के अनुसार 29 अक्टूबर को जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 138.3 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जो 30 अक्टूबर को जारी आंकड़ों के अनुसार बढ़कर 603.3 मिमी पहुंच गई। यानी महज एक दिन में जिले की दर्ज बारिश में 465 मिमी की बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानक्रिबके अनुसार दिनांक 29 अक्टूबर को जारी आंकड़ा जिले में सबसे अधिक बारिश सन्ना में 25.6 मिमी, मनोरा में 25.5 मिमी और कांसाबेल में 20 मिमी दर्ज हुई थी। वहीं 30 अक्टूबर को जारी आंकड़ा के अनुसार बारिश का स्वरूप पूरी तरह बदल गया और कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश दर्ज की गई।
कुनकुरी में सबसे ज्यादा बारिश
30 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट में कुनकुरी 121.8 मिमी बारिश के साथ जिले में सबसे ऊपर रहा। इसके बाद बागबहार में 82.6 मिमी, कांसाबेल में 79 मिमी, सन्ना में 78.6 मिमी और पत्थलगांव में 67.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
जशपुर में 62.6 मिमी, बगीचा में 58 मिमी और मनोरा में 53.2 मिमी बारिश हुई। वहीं दुलदुला और फरसाबहार में दोनों दिनों की रिपोर्ट में वर्षा दर्ज नहीं हुई।
कहां कितनी बढ़ी बारिश?
29 से 30 अक्टूबर के बीच जारी रिपोर्ट के अनुसार बारिश में सबसे बड़ा उछाल कुनकुरी में 105.1 मिमी का रहा। इसके अलावा बागबहार में 67.3 मिमी, पत्थलगांव में 67.5 मिमी, कांसाबेल में 59 मिमी, सन्ना में 53 मिमी, जशपुर में 43.4 मिमी, बगीचा में 42 मिमी और मनोरा में 27.7 मिमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

एक दिन में 4 गुना से ज्यादा बढ़ी बारिश
आंकड़े बताते हैं कि 29 अक्टूबर को जारी आंकड़ों की तुलना में 30 अक्टूबर को जारी आंकड़े के अनुसार जिले में दर्ज कुल बारिश करीब 4.36 गुना रही। खासकर कुनकुरी, पत्थलगांव और बागबहार क्षेत्र में बारिश में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है।
लगातार बारिश के बीच ग्रामीण एवं निचले इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।
