अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए ABVV की महिला टीम धर्मशाला रवाना
बिलासपु। अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर की महिला कबड्डी टीम अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला रवाना हुई। विश्वविद्यालय की यह टीम ईस्ट ज़ोन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनी थी, जिसके बाद उसे राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला है।
प्रस्थान से पूर्व विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ए.डी.एन. बाजपेई ने खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के खेल संचालक डॉ. प्रमोद तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।टीम मैनेजर के रूप में डॉ. वसंत अंचल खिलाड़ियों के साथ धर्मशाला गए हैं। टीम में संजू देवी, रोशनी, जागृति यादव, सिमरन, मनीषा, निधि, अनु, नूतन, सरोजिनी, त्रिजा ज्योति एक्का, शब्बो, चांदनी, संध्या चौहान और रुखसार शामिल हैं।गौरतलब है कि अखिल भारतीय विश्वविद्यालय स्तरीय इस प्रतियोगिता में देशभर से कुल 16 टीमों का चयन किया गया है, जिनमें से शीर्ष 8 टीमें आगामी सत्र में खेलो इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विश्वविद्यालय परिवार को उम्मीद है कि महिला कबड्डी टीम श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीन में स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ और विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगी।

Reporter 

