जशपुर। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग पत्थलगांव अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण कार्यों का उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान लुड़ेग–तपकरा–लावाकेरा एवं बागबहार–कोतबा मार्ग के निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता और निर्माण सामग्री की जांच का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश बंसल, ईएनसी विजय भत प्रहरी, एसी आर.एस. तोमर तथा लोक निर्माण विभाग पत्थलगांव के कार्यपालन अभियंता ए.डी. बंजारा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

लुड़ेग–तपकरा–लावाकेरा मार्ग : 99.98 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण
लुड़ेग–तपकरा–लावाकेरा मार्ग की स्वीकृत लागत 99.98 करोड़ रुपये है। इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का ठेका सिद्धि विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, जशपुर को दिया गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर सड़क के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया।
अब तक लगभग 5 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं 800 मीटर कंक्रीट सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अपनाई जा रही तकनीकी प्रक्रियाओं पर संतुष्टि जाहिर की।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बागबहार स्थित लैब में किए जा रहे परीक्षणों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण सामग्री की जांच और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुपालन की जानकारी ली। लैब परीक्षण में कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया।
इसके अलावा निर्माण एजेंसी के रेडी मिक्स कंक्रीट प्लांट एवं हॉट मिक्स प्लांट का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्लांट में निर्माण सामग्री तैयार करने की प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बागबहार–कोतबा मार्ग : 13.2 किलोमीटर सड़क में 10 किलोमीटर जीएसबी कार्य पूर्ण
वहीं बागबहार–कोतबा मार्ग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। लगभग 38.04 करोड़ रुपये की लागत से 13.2 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग का निर्माण अभय कंस्ट्रक्शन द्वारा किया जा रहा है। अब तक लगभग 10 किलोमीटर जीएसबी कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 800 मीटर कंक्रीट सड़क का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग पत्थलगांव के कार्यपालन अभियंता ए.डी. बंजारा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में अच्छी प्रगति हुई है। निर्माण के विभिन्न चरणों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शेष कार्यों को भी तेजी से पूर्ण करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण सामग्री की नियमित जांच, तकनीकी मापदंडों का पालन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। निर्माण एजेंसियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
दोनों सड़क मार्ग जशपुर जिले की आवागमन व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इनके निर्माण से ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। किसानों को कृषि उपज के परिवहन, व्यापारियों को व्यवसायिक गतिविधियों तथा आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
जिले में करोड़ों रुपये की लागत से हो रहे इन सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर अधिकारियों की निगरानी से क्षेत्र में बेहतर सड़क अधोसंरचना विकसित होने की उम्मीद है।
