पुलिस की संवेदनशील पहल बनी मिसाल : पिंक पेट्रोल की सतर्कता से परिवार से बिछड़ा दो वर्षीय मासूम सुरक्षित मिला, कुछ ही देर में परिजनों को सौंपा

पुलिस की संवेदनशील पहल बनी मिसाल : पिंक पेट्रोल की सतर्कता से परिवार से बिछड़ा दो वर्षीय मासूम सुरक्षित मिला, कुछ ही देर में परिजनों को सौंपा

रायपुर । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट ने अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में भटककर अपने परिजनों से बिछड़े लगभग दो वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लेकर पुलिस ने कुछ ही समय में उसके माता-पिता से मिलवा दिया।

जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई को उत्तर जोन की पिंक पेट्रोल टीम गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर सड़क किनारे रोते हुए एक लगभग दो वर्षीय बच्चे पर पड़ी। मासूम अकेला था और कम उम्र होने के कारण अपना नाम या अपने माता-पिता की कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पिंक पेट्रोल टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। लगातार प्रयास और स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्चे के चाचा रोहन ध्रुव का पता लगाया गया। उन्हें मौके पर बुलाकर बच्चे की पहचान कराई गई। इसके बाद बच्चे के माता-पिता पूजा ध्रुव एवं हीराधार ध्रुव को सूचना दी गई। आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और पिंक पेट्रोल यूनिट की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि पिंक पेट्रोल यूनिट केवल महिलाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी चौबीसों घंटे तत्पर रहती है। शहर में लगातार पेट्रोलिंग के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सके।