रायपुर में अपराधियों पर ‘कड़ा प्रहार’: दुष्कर्म, अवैध हथियार, सोना चोरी और ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर में अपराधियों पर ‘कड़ा प्रहार’: दुष्कर्म, अवैध हथियार, सोना चोरी और ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा :15 अगस्त से पहले राजधानी में पुलिस का हाई अलर्ट, 43 चेकिंग पॉइंट पर सघन निगरानी; पांच बड़ी कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रायपुर में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पिछले दिनों दुष्कर्म, अवैध हथियार, सोना चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 15 अगस्त के मद्देनजर शहर के तीनों जोन में 43 स्थानों पर नाकेबंदी और सघन वाहन जांच अभियान भी शुरू किया गया है।

दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, विधि से संघर्षरत बालक पर भी कार्रवाई

थाना डी.डी. नगर क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध भी पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पृथक वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार महिला अत्यधिक नशे की अवस्था में मिली थी, जिसे तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल भेजा गया। नशा उतरने के बाद महिला के कथन के आधार पर घटना की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने महिला को शराब और भोजन का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाया और उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।

मामले में थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 468/2026 दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण और भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया। इसके बाद शिवा बघेल उम्र 28 वर्ष और पियूष नायक उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

लालपुर में चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

दूसरी बड़ी कार्रवाई में थाना राजेंद्र नगर पुलिस ने लालपुर प्रोग्रेसिव प्वाइंट के पास धारदार चाकू लेकर घूम रहे करण मानिकपुरी उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक धारदार हथियार लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को चाकू सहित पकड़ लिया।

आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया। उसके खिलाफ थाना राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

कारीगर बनकर 60 ग्राम सोना उड़ाया, राजस्थान से पकड़ा गया आरोपी

थाना गोलबाजार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में कारीगर बनकर सोना चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी राजू डोलाई को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक नयापारा शंकर चौक निवासी स्वर्ण व्यवसायी ने आभूषण बनाने के लिए कारीगर को 60 ग्राम कच्चा सोना, जिसकी कीमत लगभग 7.80 लाख रुपये थी, दिया था। आरोपी सोना लेकर फरार हो गया।

लगातार तकनीकी विश्लेषण और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन जोधपुर में ट्रेस की और राजस्थान पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और मोबाइल फोन, कुल लगभग 4.70 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। मामले में चोरी किए गए शेष सोने और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ जारी है।

20 लाख की एमडीएमए के साथ राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस ने 106.19 ग्राम एमडीएमए के साथ राजस्थान निवासी रामनिवास माचरा उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास मादक पदार्थ की खेप लेकर बिक्री की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। उसके बैग की तलाशी लेने पर एमडीएमए बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 106.19 ग्राम एमडीएमए और एक आईफोन, जिसकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना गंज में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर एमडीएमए की सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और रायपुर में इसकी सप्लाई लेने वालों तक पहुंचने के लिए नेटवर्क की जांच कर रही है।

15 अगस्त से पहले राजधानी में 43 चेकिंग पॉइंट, रात में सघन नाकेबंदी

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शहर के तीनों जोन में कुल 43 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां रात 8:30 बजे से 11:30 बजे तक व्यापक नाकेबंदी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

मध्य जोन में 14, नॉर्थ जोन में 11 और वेस्ट जोन में 18 चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों, बाहरी आगंतुकों और संदिग्ध नंबर प्लेट पर विशेष नजर रखी जा रही है।

पुलिस का फोकस बिना नंबर के वाहनों, संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की पहचान पर है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।

एक्शन मोड में रायपुर पुलिस

दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी से लेकर चाकूबाज पर कार्रवाई, अंतर्राज्यीय सोना चोरी के आरोपी को राजस्थान से पकड़ने और करोड़ों के नशे के कारोबार की कड़ी पर प्रहार तक रायपुर पुलिस की हालिया कार्रवाइयों से साफ है कि राजधानी में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस से पहले 43 चेकिंग पॉइंट पर सघन जांच इस सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर रही है।