“जशपुर की बड़ी खबरें: तिरंगे के रंग में रंगेगा जिला, 15 अगस्त की भव्य तैयारी; बगिया में मुख्यमंत्री साय ने सुनी जनता की समस्याएं”

“जशपुर की बड़ी खबरें: तिरंगे के रंग में रंगेगा जिला, 15 अगस्त की भव्य तैयारी; बगिया में मुख्यमंत्री साय ने सुनी जनता की समस्याएं”

1. हर घर तिरंगा अभियान से देशभक्ति के रंग में रंगेगा जशपुर
17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन, तिरंगा यात्रा से लेकर मैराथन और तिरंगा मेले तक होंगे कार्यक्रम


जशपुरनगर, 10 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त तथा ‘वंदे मातरम्’ थीम आधारित कार्यक्रम 7 से 15 अगस्त तक आयोजित होंगे।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सभी संबंधित विभागों, जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं को समयबद्ध रूप से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, खिलाड़ियों, पुलिस विभाग एवं आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने कहा है।
अभियान के तहत जिला, विकासखंड, ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर तिरंगा यात्रा, साइकिल-बाइक-कार तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन आयोजित होंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी एवं छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
अभियान के दौरान तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा कैनवास, स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीरों के परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा। वहीं स्थानीय कारीगरों और महिला स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए तिरंगा मेला लगाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता कर इसे जन-आंदोलन बनाने की अपील की है।

=========================================
2. विश्व आदिवासी दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर, विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार
बाल विवाह, मानव तस्करी, नशा मुक्ति, साइबर फ्रॉड और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी


जशपुरनगर, 10 अगस्त 2026। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर नालसा एवं सालसा की योजना के तहत थाना जशपुर एवं प्री-मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर श्री सत्येन्द्र कुमार साहू के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर का उद्देश्य आदिवासी समुदाय एवं छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, शासन की कल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना था।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सत्येन्द्र कुमार साहू ने विद्यार्थियों को बाल विवाह, मानव तस्करी, नशा मुक्ति, बाल श्रम, साइबर फ्रॉड एवं मोटरयान कानून सहित संविधान एवं कानून की मूलभूत जानकारी दी।
न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय श्रेणी जशपुर कु. चौताली खांडेकर ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग, शिक्षा का अधिकार, गुड टच-बैड टच एवं घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की।
शिविर में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री जनार्दन खरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सुमन सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कु. श्वेता बघेल, न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय श्रेणी कु. पूनम नशीने एवं कु. नेहा तिर्की सहित छात्रावास के लगभग 100 विद्यार्थी, अधीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

========================================


3. जशपुर में गरिमामय माहौल में मनेगा 80वां स्वतंत्रता दिवस
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल होंगे मुख्य अतिथि, रणजीता स्टेडियम में फहराएंगे तिरंगा
जशपुरनगर, 10 अगस्त 2026। जिले में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी मुख्य अतिथियों की सूची के अनुसार जशपुर जिले में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। मंत्री श्री अग्रवाल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन करेंगे।
समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शहीद परिवारों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

========================================


4. जशपुर में अब तक 4802.8 मिमी बारिश, मनोरा सबसे आगे
बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 42.6 मिमी वर्षा दर्ज


जशपुरनगर, 10 अगस्त 2026। जिले में इस वर्ष मानसून के दौरान 1 जून से अब तक कुल 4802.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जबकि इसी अवधि में पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा 6393.6 मिमी रही है। बीते दिवस जिले में औसतन 42.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील जशपुर में 494.5 मिमी, मनोरा में 824.4 मिमी, कुनकुरी में 594.5 मिमी, दुलदुला में 356.1 मिमी, फरसाबहार में 275.9 मिमी, बगीचा में 415.3 मिमी, कांसाबेल में 519.0 मिमी, पत्थलगांव में 494.1 मिमी, सन्ना में 585.2 मिमी तथा बागबहार में 243.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।मनोरा तहसील में जिले की सर्वाधिक 824.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।

==========================================
5. बगिया में मुख्यमंत्री साय ने सुनी आम लोगों की समस्याएं
अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता से निराकरण के दिए सख्त निर्देश


जशपुर, 10 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान 9 अगस्त को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, बगिया में आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान नागरिकों ने इलाज, आर्थिक सहायता, शिक्षा, रोजगार और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं एवं मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का निराकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।