कांग्रेस में संगठनात्मक संकट गहराया, गुटबाजी ने किया ढांचा कमजोर : प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का संयुक्त हमला,दोनों ने कहा 'बैज पूरे कार्यकाल में पूर्ण कार्यकारिणी तक नहीं बना पाए वहीं युवा कांग्रेस का चुनाव भी गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई का बन गया मंच'

कांग्रेस में संगठनात्मक संकट गहराया, गुटबाजी ने किया ढांचा कमजोर : प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का संयुक्त हमला,दोनों ने कहा 'बैज पूरे कार्यकाल में पूर्ण कार्यकारिणी तक नहीं बना पाए वहीं युवा कांग्रेस का चुनाव भी गुटबाजी और वर्चस्व की लड़ाई का बन गया मंच'

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और युवा कांग्रेस के संगठनात्मक हालात को लेकर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज गुटबाजी, अंतर्कलह और नेतृत्व संकट से जूझ रही है तथा संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह बिखर चुका है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का तीन वर्ष का कार्यकाल संगठनात्मक दृष्टि से पूरी तरह विफल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बैज अपने पूरे कार्यकाल में कांग्रेस की पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी तक गठित नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की विदाई बिना पूर्ण कार्यकारिणी के होना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा कमजोर पड़ चुका है।

उज्ज्वल दीपक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कई वरिष्ठ नेताओं के अलग-अलग खेमों की खींचतान के कारण प्रदेश अध्यक्ष प्रभावी नेतृत्व देने में असफल रहे। उनके अनुसार गुटबाजी और अंतर्कलह कांग्रेस के संगठनात्मक डीएनए का हिस्सा बन चुकी है, जिसके कारण पार्टी लगातार कमजोर होती गई।

उन्होंने कहा कि बैज के कार्यकाल में कांग्रेस प्रदेश की सत्ता से बाहर हुई, चित्रकोट विधानसभा सीट भी नहीं बचा सकी, लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 11 सीटों में से केवल एक सीट पर सिमट गई तथा नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में भी लगातार पराजय का सामना करना पड़ा। भाजपा का दावा है कि इन परिणामों से स्पष्ट है कि कांग्रेस का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है।

इसी क्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस का चुनाव आंतरिक लोकतंत्र का नहीं बल्कि वर्चस्व की लड़ाई का प्रतीक बन गया है। टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस के भीतर बड़े नेताओं के बीच शक्ति प्रदर्शन और गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है।

उन्होंने कहा कि भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव द्वारा भूपेश बघेल समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ उम्मीदवार उतारना इस बात का संकेत है कि कांग्रेस के भीतर सत्ता संघर्ष सार्वजनिक हो चुका है। टिकरिहा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस दोनों में अनुशासनहीनता चरम पर है तथा संगठनात्मक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

राहुल टिकरिहा ने यह भी आरोप लगाया कि युवा कांग्रेस के चुनाव में सामान्य कार्यकर्ताओं की बजाय धनबल और प्रभावशाली लोगों का वर्चस्व दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार जिस संगठन के भीतर अनुशासन और एकजुटता नहीं बची हो तथा जो नेताओं की आपसी खींचतान का अखाड़ा बन गया हो, वह युवाओं का प्रभावी नेतृत्व करने की स्थिति में नहीं है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का लगातार बढ़ता संगठनात्मक बिखराव इस बात का संकेत है कि पार्टी नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में पूरी तरह विफल रही है तथा प्रदेश की जनता भी कांग्रेस की आंतरिक स्थिति को देख रही है।