तथ्यों से होगा पलटवार : भाजपा मीडिया विभाग ने कांग्रेस के 'झूठे नैरेटिव' के खिलाफ छेड़ी नई मुहिम,सच बनाम झूठ' की लड़ाई तेज करेगी भाजपा, मीडिया विभाग की बैठक में कार्यकर्ताओं को मिला बड़ा संदेश

तथ्यों से होगा पलटवार : भाजपा मीडिया विभाग ने कांग्रेस के 'झूठे नैरेटिव' के खिलाफ छेड़ी नई मुहिम,सच बनाम झूठ' की लड़ाई तेज करेगी भाजपा, मीडिया विभाग की बैठक में कार्यकर्ताओं को मिला बड़ा संदेश

रायपुर, 5 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की मीडिया रणनीति, जनसंपर्क अभियान और विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देने की दिशा में व्यापक मंथन किया गया। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने मीडिया, सोशल मीडिया और जनसंवाद के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने मीडिया विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार लगातार जनकल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने के साथ-साथ विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रामक नैरेटिव का तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर जवाब देना समय की आवश्यकता है।

प्रदेश भाजपा के महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि हाल के घटनाक्रमों में विपक्ष के कई आरोप तथ्यहीन साबित हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनता के बीच तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएं और संवाद को मजबूत करें।

प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय एवं प्रभावी संवाद आज संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता और पैनलिस्ट जनसरोकारों तथा शासन की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और भविष्य में भी उन्हें इसी सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में मीडिया सलाहकार पंकज झा और आर. कृष्णा दास ने केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनसंपर्क की रणनीतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने विभाग की गतिविधियों, मीडिया समन्वय और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। बैठक में प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता, पैनलिस्ट और मीडिया विभाग के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।