महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर तथा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और कथित घोटालों को लेकर किया बड़ा राजनीतिक हमला : घोटालों पर घिरी कांग्रेस जनता के मुद्दों से भाग भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कर रही आंदोलन,जांच एजेंसियों के कार्य में सहयोग के बजाय सवालिया निशान उठाना कांग्रेस की जड़ भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का प्रमाण
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर तथा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर आंदोलन नहीं कर रही, बल्कि भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे अपने नेताओं और सहयोगियों को बचाने के लिए राजनीतिक अभियान चला रही है।
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में शिवनारायण पाण्डेय ने कहा कि महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में सौरभ चंद्राकर और कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी ने कांग्रेस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर इन मामलों पर देश और प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
शिवनारायण पाण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएँ हुईं, जिनका असर राज्य की अर्थव्यवस्था और बाजार व्यवस्था पर पड़ा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय राज्य से हजारों करोड़ रुपये बाहर भेजे गए, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई और बाजारों में आर्थिक सुस्ती का माहौल बना।
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप प्रकरण का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस इस पूरे मामले को राजनीतिक षड्यंत्र बताती रही, लेकिन अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई, संपत्तियों की कुर्की तथा सौरभ चंद्राकर और रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद भी कांग्रेस आरोपों पर तथ्यात्मक जवाब देने से बच रही है।
उन्होंने शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले और राइस मिलर्स से कथित अवैध वसूली के आरोपों का भी जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को इन सभी मामलों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उनका कहना था कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों पर जवाब देने के बजाय कांग्रेस बार-बार जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जिन मामलों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और पूर्व मंत्री जांच के दायरे में आए हैं, उन्हें बचाने के लिए पार्टी आंदोलन और प्रदर्शन की रणनीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर कभी सड़क पर नहीं उतरी, लेकिन जैसे ही भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज हुई और कांग्रेस से जुड़े लोगों की गिरफ्तारियाँ हुईं, पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने लगी।
शिवनारायण पाण्डेय ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास करती है, तो उसे जांच एजेंसियों के कार्य में सहयोग करना चाहिए और महादेव ऑनलाइन सट्टा एप, शराब घोटाला तथा अन्य कथित वित्तीय अनियमितताओं पर देश और प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जवाब चाहती है और कांग्रेस का आंदोलन केवल अपने नेताओं को बचाने का प्रयास बनकर रह गया है।

Reporter 

