रायपुर में पुलिस का ‘एक्शन मोड’! अवैध शराब पर ऐसा चला डंडा कि खमतराई में दर्ज होते गए 50 से ज्यादा केस ट्रांसपोर्ट नगर से भनपुरी और सुखा मैदान तक ताबड़तोड़ कार्रवाई, शराब पिलाने वालों पर भी शिकंजा; हथियार लेकर घूम रहे आरोपी पर भी FIR

रायपुर में पुलिस का ‘एक्शन मोड’! अवैध शराब पर ऐसा चला डंडा कि खमतराई में दर्ज होते गए 50 से ज्यादा केस ट्रांसपोर्ट नगर से भनपुरी और सुखा मैदान तक ताबड़तोड़ कार्रवाई, शराब पिलाने वालों पर भी शिकंजा; हथियार लेकर घूम रहे आरोपी पर भी FIR

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। 11 अगस्त की पुलिस ब्रीफिंग में सामने आए आंकड़े राजधानी में पुलिस की लगातार कार्रवाई की तस्वीर सामने रखते हैं। सबसे ज्यादा कार्रवाई खमतराई थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ दर्ज की गई है। 10 अगस्त की शाम से शुरू हुआ कार्रवाई का सिलसिला देर रात और 11 अगस्त की तड़के तक जारी रहा। पुलिस रिकॉर्ड में आबकारी अधिनियम की धारा 36-सी के तहत लगातार बड़ी संख्या में प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

एक के बाद एक केस… रातभर चलता रहा एक्शन

खमतराई क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर-रावाभाठा, भनपुरी और आसपास के इलाकों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर ठेलों में लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। 10 अगस्त की शाम से लेकर देर रात तक लगातार मामले दर्ज हुए और कार्रवाई का सिलसिला मध्यरात्रि के बाद भी नहीं रुका।

पुलिस रिकॉर्ड में 11 अगस्त की रात के शुरुआती घंटों तक भी लगातार कार्रवाई दर्ज है। 01:18 बजे, 01:27 बजे, 01:44 बजे, 01:51 बजे, 01:58 बजे, 02:13 बजे, 02:31 बजे, 02:38 बजे और 02:46 बजे तक अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस का अभियान कितने व्यापक स्तर पर चला।

सुबह भी जारी रही कार्रवाई

पुलिस का अभियान रात तक सीमित नहीं रहा। 11 अगस्त की सुबह खमतराई शराब भट्ठी के पास भी अवैध रूप से शराब पिलाने के मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भी कार्रवाई दर्ज हुई।

अवैध हथियार लेकर घूमने वाले पर भी शिकंजा

खमतराई पुलिस ने अवैध हथियार के मामले में भी कार्रवाई की। शीतल एजेंसी के पीछे पार्किंग, भनपुरी में एक व्यक्ति को खुखरी, हंसिया जैसे धारदार हथियार लेकर आम लोगों को आतंकित करने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।

राजधानी में अपराध की दूसरी तस्वीर भी सामने आई

पुलिस ब्रीफिंग में राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई अन्य गंभीर अपराधों के मामले भी दर्ज हुए हैं। तेलीबांधा में 15 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया। देवेंद्रनगर में शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर एसी और मोबाइल फोन फायनेंस कराकर बेचने तथा 3,90,960 रुपये हासिल कर वापस नहीं करने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।

वहीं टिकरापारा में ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद, कुल करीब 95 हजार रुपये की संपत्ति चोरी करने का मामला दर्ज हुआ।इसके अलावा राजधानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट, जान से मारने की धमकी, सड़क दुर्घटना और अन्य अपराधों के प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के एक्शन से अवैध कारोबारियों में हड़कंप

लगातार सामने आ रहे प्रकरणों से साफ है कि राजधानी में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है। खासकर खमतराई क्षेत्र में एक के बाद एक दर्ज हुए मामलों ने अवैध गतिविधियों में लगे लोगों के बीच पुलिस की सख्ती का संदेश पहुंचाया है।

अब निगाह इस बात पर है कि लगातार चल रही इस कार्रवाई का राजधानी के उन इलाकों पर कितना असर पड़ता है, जहां सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब पिलाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।