बगीचा में गैस की किल्लत गहराई,गैस के नए कनेक्शन पर 2 माह तक रोक, उपभोक्ता परेशान

बगीचा में गैस की किल्लत गहराई,गैस के नए कनेक्शन पर 2 माह तक रोक, उपभोक्ता परेशान

बगीचा । बगीचा क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत अब गंभीर रूप लेती जा रही है। सबसे बड़ी समस्या यह सामने आई है कि आम उपभोक्ताओं को अगले एक से दो माह तक नए गैस कनेक्शन नहीं मिल पाएंगे, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ने वाली हैं।

गैस वितरक एजेंसी के अनुसार वर्तमान में सिलेंडर का स्टॉक किसी तरह मेंटेन किया जा रहा है, लेकिन तकनीकी दिक्कतों ने स्थिति और बिगाड़ दी है। केवाईसी और डीएससी ओटीपी आने में देरी के कारण उपभोक्ताओं को गैस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।इधर खबर है कि उज्ज्वल योजना के हितग्राहियों को फोन करके डीएससी संख्या पूछकर उनके कोटे का गैस भी निकाला जा रहा है हालांकि यह जांच का विषय है।सरकार गैस की कालाबाजारी पर सख्ती बरत रही है।

वहीं, नए कनेक्शन की मांग करने वाले उपभोक्ताओं को फिलहाल सिर्फ आवेदन जमा कराने को कहा जा रहा है। एजेंसी संचालक शरद इंडेन बगीचा के अनुसार, कंपनी स्तर पर नए कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया फिलहाल होल्ड पर है, जिससे कम से कम दो माह तक नए कनेक्शन मिलने की संभावना नहीं है।

इस स्थिति का असर आम लोगों के साथ-साथ गैस पर निर्भर छोटे व्यवसायियों—ढाबा, होटल और ठेला संचालकों—पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गैस नहीं मिलने से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है।

इधर, बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एसडीएम प्रदीप राठिया ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जल्द ही फूड विभाग और गैस एजेंसियों की बैठक बुलाकर समाधान निकालने की बात कही है।

फिलहाल, बगीचा के उपभोक्ताओं को राहत मिलने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि गैस आपूर्ति और तकनीकी प्रक्रिया दोनों ही बड़ी बाधा बने हुए हैं।