EXCLUSIVE : संसद के विशेष सत्र से पहले छत्तीसगढ़ में सियासी टकराव-मातृशक्ति के अधिकार बनाम परिसीमन की शर्तें, विशेष सत्र से पहले भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग!परिसीमन पर भाजपा कांग्रेस में आर पार की जंग

EXCLUSIVE  :  संसद के विशेष सत्र से पहले छत्तीसगढ़ में सियासी टकराव-मातृशक्ति के अधिकार बनाम परिसीमन की शर्तें, विशेष सत्र से पहले भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग!परिसीमन पर भाजपा कांग्रेस में आर पार की जंग

रायपुर। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। महिला आरक्षण, परिसीमन, जनगणना और राज्यों के प्रतिनिधित्व जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों दलों ने अपनी-अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए केंद्र सरकार की पहल और विपक्ष की आपत्तियों को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। हालांकि, महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने के मुद्दे पर दोनों दलों की ओर से सहमति सामने आई है, लेकिन इसे लागू करने की प्रक्रिया और परिसीमन के आधार को लेकर मतभेद बने हुए हैं।

परिसीमन से बढ़ेगा लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व, महिला आरक्षण से सशक्त होंगी माताएं-बहनें : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि परिसीमन से लोकसभा एवं विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा और अधिक लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तथा नीति निर्माण में उनकी भूमिका मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन से विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलने के साथ उनकी आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।

संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस को अपनी चुनावी पराजयों के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस ईवीएम और चुनाव आयोग पर भरोसा जताती है, जबकि हारने पर चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। मुख्यमंत्री ने इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय पार्टी को जनता का विश्वास हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने संसद के विशेष सत्र को मातृशक्ति के सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने का ऐतिहासिक अवसर बताया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और निराधार अटकलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि संसद का सत्र बुलाना केंद्र सरकार का संवैधानिक अधिकार और लोकतांत्रिक दायित्व है। श्री देव ने कहा कि बिना आधिकारिक विधायी प्रस्तावों को पढ़े, केवल मीडिया रिपोर्टों और अटकलों के आधार पर सरकार की नीयत पर सवाल उठाना विपक्ष की गैर-जिम्मेदाराना मानसिकता, महिला विरोधी सोच और राज्यों के बढ़ते प्रतिनिधित्व के प्रति उनके विरोध को उजागर करता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने संसद के विशेष सत्र को मातृशक्ति के सशक्तीकरण एवं लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने का ऐतिहासिक और स्वर्णिम अवसर बताते हुए कहा कि ‘नारी शक्ति वन्दन अधिनियम’ केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि मोदी सरकार की संवैधानिक प्रतिबद्धता है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश की आधी आबादी को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ 2029 के आगामी लोकसभा चुनावों में ही मिल सके। श्री देव ने कहा कि परिसीमन एक व्यापक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसमें समय लगता है। इसलिए महिलाओं को समय पर उनका अधिकार दिलाने के लिए सरकार ने अप्रैल 2026 में भी संविधान संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पेश कर सार्थक प्रयास किए थे, किंतु कांग्रेस, सपा, राजद और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों के अड़ियल रवैए के कारण तब इसे लागू नहीं किया जा सका।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने परिसीमन को लेकर दक्षिणी या छोटे राज्यों के हितों को नुकसान पहुँचने के भ्रम को खारिज करते हुए कहा कि प्रस्तावित आनुपातिक विस्तार मॉडल के तहत सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है। इससे लोकसभा की अधिकतम सीटें 550 से बढ़कर 850 (वर्तमान 543 के अनुपात में लगभग 815) होंगी। इस प्रक्रिया से दक्षिण के पाँच राज्यों की सीटें 129 से बढ़कर 195 हो जाएंगी। इससे न तो किसी राज्य की हिस्सेदारी कम होगी और न ही जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों को कोई नुकसान होगा, बल्कि संघीय ढांचा और अधिक सशक्त व संतुलित बनेगा। श्री देव ने कहा कि परिसीमन से "एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य" का सिद्धांत साकार होगा और बढ़ते शहरीकरण तथा नए जिलों के अनुरूप प्रशासनिक व्यावहारिकता बढ़ेगी। इसके साथ ही, सदन के विस्तार से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी आनुपातिक वृद्धि होगी, जिससे वंचित वर्गों का प्रतिनिधित्व मजबूत होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप आरक्षण सामाजिक एवं आर्थिक पिछड़ेपन पर आधारित है, न कि धर्म के आधार पर। यही कारण है कि इण्डी गठबंधन के कई घटक और क्षेत्रीय दल भी राज्य हित में सीटों की इस आनुपातिक वृद्धि का समर्थन करते दिख रहे हैं। श्री देव ने विपक्ष से आह्वान किया कि वह संकीर्ण राजनीति छोड़कर मातृशक्ति के सशक्तीकरण और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने के इस महायज्ञ में सकारात्मक भूमिका निभाए।

कांग्रेस ने उठाए जनगणना और जातिगत गणना के सवाल

वहीं, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने संसद के विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।  30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच बुलाये गये संसद के विशेष सत्र को लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं का भद्दा मजाक बताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि सरकार नियमित शीतकालीन सत्र से क्यों भाग रही है। मोदी सरकार जल्दबाजी में विशेष सत्र बुलाकर ऑपरेशन लोटस व दलबदल के जरिए जुटाए गए बहुमत से संविधान संशोधन का खेल खेलना चाहती है। विपक्ष को विश्वास में लिए बिना दलबदल के दागदार बहुमत के दम पर संविधान से छेड़छाड़ करना चाहती है। कांग्रेस 2029 से महिला आरक्षण लागू करने के पक्ष में है, वर्तमान सीटों पर ही बिना किंतु परंतु के महिला आरक्षण तत्काल लागू करवाएं सरकार लेकिन जनगणना के आंकड़े आए बिना और जातिगत जनगणना को आधार बनाए बिना परिसीमन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि भाजपा सरकार लगातार संसदीय मर्यादाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। 2011 के बाद से दशकीय जनगणना लंबित रहने और दूसरे चरण के आंकड़े सामने आए बिना परिसीमन की जल्दबाजी नीतिगत रूप से अपरिपक्व और संदेह के घेरे में है। जातिगत जनगणना को परिसीमन का आधार न बनाने की मंशा स्पष्ट रूप से ओबीसी वर्ग के अधिकारों और उचित हिस्सेदारी से बचने की रणनीति दिखाती है। क्या सरकार मानती है कि जातिगत जनगणना को परिसीमन का आधार न बनाकर वह जानबूझकर ओबीसी वर्ग को उसके अधिकार और हिस्सेदारी से वंचित रखना चाहती है?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि परिसीमन और जनगणना के आंकड़ों से जुड़ा कोई भी जल्दबाजी भरा फैसला सीधे प्रतिनिधित्व और हिस्सेदारी को प्रभावित करता है। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट है कि इसे 2029 के चुनावों से लागू किया जाना चाहिए, जबकि भाजपा “ऑपरेशन लोटस” और दलबदल से बने कथित दो-तिहाई बहुमत की आड़ में संविधान की मूल भावना से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता और हर राज्य के हितों की रक्षा तभी संभव है जब लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी सभी राज्यों के लिए आनुपातिक हो, किसी राज्य का नुकसान न हो और 25 वर्षों तक कोई बदलाव न हो। जल्दबाजी में थोपे गए फैसले संघीय ढांचे और क्षेत्रीय हितों के खिलाफ हैं। कांग्रेस ने सदैव संवैधानिक संस्थाओं, संसदीय संवाद और पारदर्शी प्रक्रियाओं को महत्व दिया है। भाजपा सरकार संवैधानिक मर्यादा और मान्य परंपराओ को नष्ट करने पर तुली है।

महिला आरक्षण पर सहमति, परिसीमन की प्रक्रिया पर टकराव

दोनों दलों के बयानों से स्पष्ट है कि महिला आरक्षण को 2029 के चुनाव से लागू करने के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच व्यापक सहमति दिखाई दे रही है। भाजपा इसे केंद्र सरकार की संवैधानिक प्रतिबद्धता और ऐतिहासिक पहल बता रही है, जबकि कांग्रेस वर्तमान सीटों पर ही आरक्षण लागू करने की मांग कर रही है।

मुख्य राजनीतिक टकराव परिसीमन की प्रक्रिया, जनगणना के आंकड़ों और जातिगत गणना को आधार बनाने को लेकर है। भाजपा का तर्क है कि आनुपातिक सीट वृद्धि से राज्यों की हिस्सेदारी सुरक्षित रहेगी और प्रतिनिधित्व मजबूत होगा। वहीं कांग्रेस का कहना है कि जनगणना और सामाजिक आंकड़ों के बिना परिसीमन से राज्यों तथा पिछड़े वर्गों की उचित हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है।

संसद के विशेष सत्र से पहले दोनों दलों की बयानबाजी ने महिला आरक्षण और परिसीमन को राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में ला दिया है। अब सबकी नजर संसद की कार्यवाही और वहां सामने आने वाले विधायी प्रस्तावों पर रहेगी, जिनसे महिला आरक्षण के लागू होने की समयसीमा और राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

महिला आरक्षण पर लक्ष्य एक, रास्ते पर मतभेद—संसद के विशेष सत्र में इसी मुद्दे पर निर्णायक चर्चा की संभावना।