MCOCA CASE: AAP के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत!

MCOCA CASE: AAP के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत!

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज एक मामले में आप के पूर्व विधायक नरेश बाल्यान को बड़ी राहत देते हुए जमानत दे दी है।

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली बाल्यान की याचिका पर सुनवाई करते हुए फैसला सुनाया, जिसमें उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। इसके साथ ही अदालत ने बाल्यान को ट्रायल की कार्यवाही में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया है।

सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें

शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान बाल्यान की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उनके मुवक्किल आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक हैं और राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार हुए हैं।

उन्होंने यह भी दलील दी कि बाल्यान पिछले लगभग दो वर्षों से जेल में बंद हैं। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस की ओर से पेश वकील ने जमानत का विरोध करते हुए तर्क दिया कि बाल्यान एक संगठित अपराध सिंडिकेट का हिस्सा थे और इस सिंडिकेट के खिलाफ 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दिल्ली हाईकोर्ट ने पहले खारिज की थी जमानत याचिका

इससे पहले 3 अगस्त को दिल्ली हाईकोर्ट ने गैंगस्टर कपिल सांगवान द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे अपराध सिंडिकेट में फैसिलिटेटर होने के आरोपी बाल्यान को जमानत देने से इनकार कर दिया था।