बीरगांव ने रचा नया कीर्तिमान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 में छत्तीसगढ़ में नंबर-1, 300 से अधिक गरीब परिवारों के पक्के घर तैयार

बीरगांव ने रचा नया कीर्तिमान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 में छत्तीसगढ़ में नंबर-1, 300 से अधिक गरीब परिवारों के पक्के घर तैयार

रायपुर/बीरगांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में गरीब एवं आवासहीन परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। राज्य सरकार की प्राथमिकता और प्रभावी क्रियान्वयन के चलते प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत बीरगांव नगर निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। योजना के 'मोर जमीन–मोर मकान' (बीएलसी) घटक के तहत 300 से अधिक गरीब परिवारों के पक्के आवास बनकर तैयार हो चुके हैं और उनका गृह प्रवेश जल्द ही कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में प्रत्येक पात्र गरीब परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराने के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया है। इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में आवास निर्माण में तेजी आई है और बीरगांव ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राज्य में पहला स्थान हासिल किया है।
उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. संगीता के सतत निर्देशन में बीरगांव नगर निगम ने योजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। नगर निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने बताया कि जिन पात्र हितग्राहियों के पास स्वयं का भूखंड उपलब्ध था, उन्हें शासन की वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से समय पर आवास निर्माण पूरा कराया गया।
उन्होंने बताया कि योजना में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक निर्माण चरण की जियो-टैगिंग की गई तथा सत्यापन के बाद हितग्राहियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से समय पर किस्तों की राशि जारी की गई। इससे निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हो सका।
आयुक्त ने कहा कि 300 से अधिक परिवारों का गृह प्रवेश शीघ्र ही एक गरिमामय समारोह में कराया जाएगा। यह उपलब्धि केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों लोगों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का नया अध्याय जोड़ने वाली पहल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ शहरी गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। बीरगांव नगर निगम की यह उपलब्धि इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन का राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रेरक मॉडल बनकर उभरी है।