कोरबा में जंगली हाथी का हमला, मंडी प्रभारी की कुचलकर मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगली हाथी के हमले में उपार्जन केंद्र कुदमुरा समिति कोरकोमा में पदस्थ मंडी प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55) की मौत हो गई। घटना बीती रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार राजेश कुमार सिंह मूल रूप से रजगामार के निवासी थे और आवासी सेवा समिति के सदस्य भी थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं। रात के समय क्षेत्र में जंगली हाथी पहुंच गया और अचानक हमला कर दिया। हाथी ने राजेश कुमार सिंह को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं हमले के दौरान उनकी पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आसपास के क्षेत्रों में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इस संबंध में कोरबा डीएफओ प्रेमलता यादव ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जंगली हाथी के मूवमेंट की जानकारी मिलने के बाद लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Reporter 

