रायपुर में एक रात में 181 वारंटी गिरफ्तार, सेंट्रल जोन के 7 थानों में चला अभियान

रायपुर में एक रात में 181 वारंटी गिरफ्तार, सेंट्रल जोन के 7 थानों में चला अभियान

रायपुर। राजधानी रायपुर में फरार और लंबे समय से वारंट पर चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेंट्रल जोन में एक ही रात चले विशेष अभियान के दौरान कुल 181 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक आरोपी ऐसा भी शामिल है, जो पिछले 6 साल से फरार था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के आदेश पर चलाया गया। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में सेंट्रल जोन के 7 थानों की टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने वारंटियों के ठिकानों पर रातभर दबिश दी और लगातार कार्रवाई जारी रखी।

पुलिस के अनुसार, यह अभियान पिछले एक सप्ताह से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चल रहा था। इसमें देवेन्द्र नगर, तेलीबांधा, सिविल लाइन, कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज थाना क्षेत्र शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान देवेन्द्र नगर से 30, तेलीबांधा से 37, सिविल लाइन से 34, कोतवाली से 32, गोलबाजार से 10, मौदहापारा से 14 और गंज से 24 वारंटी गिरफ्तार किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई आरोपी वर्षों से कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। सभी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए कोर्ट में प्रस्तुत किया जा रहा है।