सिकल सेल रोग की देखभाल एवं प्रबंधन पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित
जशपुरनग / सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज एवं यूनिसेफ के सहयोग से संगवारी संस्था द्वारा सिकल सेल बीमारी पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. जेम्स मिंज के नेतृत्व में आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में सिकल सेल रोग की देखभाल एवं प्रबंधन संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का संचालन संगवारी संस्था से डॉ. बैधनाथ देबनाथ द्वारा किया गया। उन्होंने सिकल सेल रोग की स्क्रीनिंग, निदान की पुष्टि,हाइड्रोक्सीयूरिया के उपयोग एवं खुराक के निर्धारण तथा संकट की स्थिति में प्रारंभिक देखभाल के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान और उचित उपचार से सिकल सेल रोग के दुष्प्रभावों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों से आए 110 स्वास्थ्यकर्मियों—बीएमओ, एमओ, सीएचओ, आरएचओ, नर्सें, फार्मासिस्ट, एमएलटी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित प्रतिभागियों ने सिकल सेल रोग की रोकथाम, प्रबंधन एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने संबंधी तकनीकी ज्ञान अर्जित किया। संगवारी संस्था से ज्योतिरादित्य एवं विक्रम प्रामाणिक ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया। प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों को सिकल सेल रोग के प्रभावी नियंत्रण एवं समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया।

Reporter 

