विंध्याचल के तीन प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, देर रात तक चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन

विंध्याचल के तीन प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की मिली धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, देर रात तक चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन

देर रात विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी मंदिर, अष्टभुजा मंदिर और कालीखोह मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। लखनऊ 112 कंट्रोल रूम पर मिली फोन कॉल के बाद मिर्जापुर पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और रात 12:15 बजे से 2:00 बजे तक तीनों मंदिर परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते, एलआईयू, एलीटेज टीम, मंदिर धाम सुरक्षा इकाई और स्थानीय थाना पुलिस ने मंदिर प्रांगण, परिक्रमा पथ, इंट्रेंस प्लाज़ा और आसपास के प्रमुख मार्गों की सूक्ष्म जांच की। तलाशी में कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत जताई।

पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति की कॉल को ट्रेस कर प्रयागराज पुलिस की मदद से उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान प्रयागराज सिविल लाइंस निवासी 42 वर्षीय मयंक के रूप में हुई है, जो प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।