IND vs SA 2nd Test : दक्षिण अफ्रीका ने 260 रन पर घोषित की दूसरी पारी, भारतीय टीम के सामने 549 रन का टारगेट…
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में जारी टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम के सामने 549 रनों का रिकॉर्ड लक्ष्य खड़ा हो गया है। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने अपनी दूसरी पारी को 5 विकेट पर 260 रन पर घोषित कर भारत को चौथी पारी में विशाल चुनौती दी।
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 201 रन पर ढेर हो गई। इस तरह मेहमान टीम को पहली पारी में 288 रनों की भारी बढ़त मिली। दूसरी पारी के 260 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका ने कुल बढ़त 548 रन तक पहुंचा दी।
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत सधी रही। रेयान रिकेल्टन ने 35 और एडेन मार्करम ने 29 रन का योगदान दिया, दोनों को रवींद्र जडेजा ने आउट किया। कप्तान तेम्बा बावुमा सिर्फ तीन रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर लौटे। टोनी डी जॉर्जी 49 रन बनाकर अर्धशतक से चूक गए।
इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार धैर्य दिखाते हुए वियान मुल्डर के साथ 82 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। 94 रन के निजी स्कोर पर स्टब्स को जडेजा ने आउट किया, जिसके तुरंत बाद दक्षिण अफ्रीका ने पारी घोषित कर दी। स्टब्स ने 180 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से यह पारी खेली।

Reporter 

