भाजपा के योग शिविरों में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ भारत का दिया संदेश : प्रदेशभर में भाजपा के योग शिविरों में हजारों कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास, रायपुर से जगदलपुर तक दिखा उत्साह
रायपुर । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर योगाभ्यास एवं जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से लेकर जगदलपुर, अंबिकापुर, बालोद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का विज्ञान है।
उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ स्तर तक आयोजित योग शिविरों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं ने योग को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि स्वस्थ समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में ‘पहला सुख निरोगी काया’ का संदेश सदियों से दिया जाता रहा है और आज पूरा विश्व भारत की इस जीवन पद्धति को अपना रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों, मंडलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इधर, विश्व योग दिवस के अवसर पर जगदलपुर के प्रियदर्शिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
प्रदेश के अन्य जिलों में भी भाजपा नेताओं ने योग कार्यक्रमों में भाग लिया। प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन बालोद में, अखिलेश सोनी अंबिकापुर में तथा डॉ. नवीन मार्कंडेय रायपुर में आयोजित योग शिविरों में शामिल हुए और लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेशभर में स्वास्थ्य, संतुलित जीवनशैली और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है।

Reporter 

