7 सितंबर को रायपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा का सम्मेलन, मुख्यमंत्री साय करेंगे प्रबुद्धजनों का सम्मान

7 सितंबर को रायपुर में भाजपा ओबीसी मोर्चा का सम्मेलन, मुख्यमंत्री साय करेंगे प्रबुद्धजनों का सम्मान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की ओर से 7 सितंबर को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सम्मेलन के मुख्य वक्ता होंगे। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने बताया कि सम्मेलन में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने पर भी जोर रहेगा।

अशोक सिन्हा के मुताबिक सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना और समाज के प्रबुद्ध वर्ग तथा संगठन के बीच संवाद को अधिक प्रभावी बनाना है। कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, भाजपा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन मौजूद रहेंगे। रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होंगे।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा ने आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक व्यवस्था, मंच सज्जा, स्वागत, यातायात और कार्यकर्ताओं की सहभागिता समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सिन्हा ने कहा कि यह आयोजन महज संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश के निर्माण में योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। पत्रकार वार्ता में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप और प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु मौजूद रहे।