दुर्ग। इंदिरा मार्केट स्थित SSD Traders में ITC Limited के Gold Flake Premium ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने का मामला सामने आया है। दुर्ग की सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 18 हजार नकली सिगरेट और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.07 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD Traders की जांच की। यहां Gold Flake Premium के नाम, पैकेजिंग और पहचान से मिलते-जुलते संदिग्ध सिगरेट उत्पाद मिले। जांच के दौरान पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया।
दो खेप में मिलीं 18 हजार सिगरेट
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में दो अलग-अलग खेप बरामद हुईं। पहली खेप में 12 हजार सिगरेट, जिसकी कीमत करीब 1.38 लाख रुपये बताई गई, जबकि दूसरी खेप में 6 हजार सिगरेट, जिसकी कीमत करीब 69 हजार रुपये थी। इस तरह कुल 18 हजार सिगरेट जब्त की गईं। पैकेटों पर 115 रुपये MRP और QR नंबर भी अंकित मिले।
आर्थिक लाभ के लिए नकली ब्रांड का इस्तेमाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों पर निजी आर्थिक लाभ के लिए असली उत्पाद जैसी पैकेजिंग और ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेचने का आरोप है। इससे ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी और कंपनी को आर्थिक नुकसान की आशंका है।
BNS और कॉपीराइट एक्ट में केस
पुलिस ने अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज कर BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल जसवानी (36) और निखिल सिहानी (29) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

