रायपुर। राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय शेख रेहान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह करीब 26 साल से रायपुर में रह रहा था और टिकरापारा इलाके में गाड़ी मैकेनिक का काम करता था। फिलहाल आरोपी को रायपुर केंद्रीय जेल स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, रेहान करीब 5 साल की उम्र में वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इसके बाद उसने यहीं पढ़ाई की और लंबे समय तक शहर में रहा। पुलिस का दावा है कि उसके परिवार ने आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत कई भारतीय दस्तावेज भी बनवा लिए थे। उसके पास भारतीय पासपोर्ट होने की बात भी सामने आई है।
पिछले साल बांग्लादेश चला गया था
पुलिस के मुताबिक, पिछले साल अवैध घुसपैठियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान रेहान अपने माता-पिता के साथ रायपुर से कोलकाता और फिर सड़क मार्ग से बांग्लादेश चला गया था। कुछ महीने वहां रहने के बाद वह दोबारा भारत आया और अलग-अलग जगहों पर छिपकर रहने लगा।
कुछ दिन पहले उसके संजय नगर में रहने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद सोमवार को टीम ने किराए के मकान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके दस्तावेज और पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं। अब उसके माता-पिता की तलाश की जा रही है।
पिछले महीने भी पकड़ा गया था एक बांग्लादेशी
संजय नगर इलाके में पिछले महीने पुलिस ने 42 वर्षीय जमाल करीम को भी पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, वह वर्ष 2013 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था और यहां कबाड़ का काम करता था। उसके पास भी आधार कार्ड और निवास प्रमाण-पत्र समेत भारतीय दस्तावेज मिले थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की जानकारी गृह और विदेश मंत्रालय को भेजी गई है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। रायपुर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान जारी है।

