गांजा तस्करी के मामले में आरोपी को छोड़ा, SSP ने हवलदार और आरक्षक को किया सस्पेंड

गांजा तस्करी के मामले में आरोपी को छोड़ा, SSP ने हवलदार और आरक्षक को किया सस्पेंड

बिलासपुर.. गांजा बेचने के मामले में पकड़े गए एक नाबालिग आरोपी को थाने लाने के बाद कथित रूप से 80 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया। इस मामले की जानकारी मिलते ही SSP ने प्रधान आरक्षक और आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम को कोटा पुलिस की टीम ने रानीसागर क्षेत्र में दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक नाबालिग को पकड़ा, जिस पर गांजा बिक्री से जुड़ा होने का संदेह था। उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया। बताया जा रहा है कि नाबालिग का पिता गांव में गांजा बेचने का काम करता है। बेटे के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वह सक्रिय हो गया।

शिकायत है कि नाबालिग को छोड़ने के बदले में पुलिस जवानों ने पहले 2 लाख रुपये की मांग की। सौदेबाजी के बाद 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। परिजनों ने गांव में ब्याज पर रकम की व्यवस्था कर पुलिसकर्मियों को सौंप दी। इसके बाद नाबालिग को छोड़ दिया गया। 

मामले में प्रारंभिक जांच के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक प्रकाश दुबे और आरक्षक सोमेश्वर साहू को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टीआई को शो काज नोटिस

वहीं इस मामले में थानेदार की लापरवाही और संलिप्तता के आरोपों पर कोटा टीआई नरेश चौहान को भी SSP ने स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर पक्ष मांगा है।