VB-GRAMJI UPDATE : गांवों में अब 375 काम, मजदूरी भी बढ़ी

VB-GRAMJI UPDATE : गांवों में अब 375 काम, मजदूरी भी बढ़ी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण रोजगार और विकास से जुड़ी योजना वीबी-जीरामजी के तहत अब गांवों में ज्यादा तरह के काम कराए जा सकेंगे। अनुमेय कार्यों की संख्या 318 से बढ़ाकर 375 कर दी गई है।

यानी अब रोजगार के साथ गांव में सड़क, स्कूल, तालाब, जल संरक्षण, पंचायत भवन, आजीविका और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कई काम कराए जा सकेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुताबिक, राज्य के 2026-27 बजट में वीबी-जीरामजी के लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। केंद्र से छत्तीसगढ़ के लिए 3,354.85 करोड़ रुपये का अंतरिम आवंटन मिलने की भी जानकारी दी गई है।

मजदूरी दर भी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किए जाने की जानकारी दी गई है। 375 कामों को 4 मुख्य श्रेणियों और 30 उप-श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका और आपदा प्रबंधन से जुड़े काम शामिल हैं।

इसमें स्कूलों के शौचालय, अतिरिक्त कक्ष, ग्रामीण सड़कें, चेकडैम, तालाब पुनर्जीवन, SHG वर्कशेड, ग्रामीण हाट, डेयरी, मत्स्य पालन और कई तरह के सामुदायिक कार्य भी शामिल किए गए हैं।