अब एक क्लिक में तय होगी विकास की दिशा,पीएम गति शक्ति पोर्टल से बढ़ेगी रफ्तार : एक मंच पर आएंगे सभी विभाग, विकास कार्य होंगे तेज और पारदर्शी

अब एक क्लिक में तय होगी विकास की दिशा,पीएम गति शक्ति पोर्टल से बढ़ेगी रफ्तार : एक मंच पर आएंगे सभी विभाग, विकास कार्य होंगे तेज और पारदर्शी

रायगढ़, 22 जून। जिले में विकास परियोजनाओं के बेहतर नियोजन, त्वरित क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला गति शक्ति समिति की द्वितीय बैठक के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि पीएम गति शक्ति पोर्टल विकास परियोजनाओं में गति और पारदर्शिता लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सहायक कलेक्टर आर. गोकुल, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा, उद्योग विभाग की मुख्य महाप्रबंधक अंजू नायक, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्योग संचालनालय से रायगढ़ पहुंचीं सहायक संचालक कुमुद मिश्रा ने अधिकारियों को पीएम गति शक्ति योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, आधारभूत संरचना परियोजनाओं की बेहतर योजना बनाने तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य कर रहा है।

पीएम गति शक्ति समिति की कंसल्टेंट प्रिया ने पोर्टल का लाइव प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों को इसकी विभिन्न विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भू-स्थानिक आंकड़ों, आधारभूत संरचना संबंधी सूचनाओं और विभिन्न विभागों के डाटा का उपयोग कर विकास परियोजनाओं की सटीक एवं प्रभावी योजना तैयार की जा सकती है।

लाइव डेमो के माध्यम से अधिकारियों को परियोजनाओं की मॉनिटरिंग, विश्लेषण और निर्णय प्रक्रिया में पोर्टल के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि देश के विभिन्न राज्यों एवं जिलों में सड़क, रेल, ऊर्जा, औद्योगिक और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं में पीएम गति शक्ति पोर्टल का सफल उपयोग किया जा चुका है।

प्रिया ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ा है, संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हुआ है तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाले अनावश्यक विलंब को कम करने में मदद मिली है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पीएम गति शक्ति पोर्टल का गंभीरता से अध्ययन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विभागीय योजनाओं और परियोजनाओं के नियोजन एवं क्रियान्वयन में पोर्टल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

???? क्या है पीएम गति शक्ति पोर्टल?

प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की आधारभूत संरचना संबंधी जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होती है। इससे सड़क, रेल, ऊर्जा, उद्योग और अन्य विकास परियोजनाओं की बेहतर योजना बनती है, विभागों के बीच समन्वय बढ़ता है तथा परियोजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने में सहायता मिलती है।