1076 बना जनता का संकटमोचक: कहीं दो घंटे में सक्रिय हुआ आधार कार्ड, तो कहीं तत्काल मिला वाहन एनओसी का समाधान

1076 बना जनता का संकटमोचक: कहीं दो घंटे में सक्रिय हुआ आधार कार्ड, तो कहीं तत्काल मिला वाहन एनओसी का समाधान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन नीति का असर, हेल्पलाइन से मिल रही त्वरित राहत; आमजन का बढ़ा शासन पर भरोसा

जशपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में सुशासन, जवाबदेही और जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण की दिशा में यह हेल्पलाइन लगातार भरोसे का केंद्र बनती जा रही है। हाल ही में सामने आए दो मामलों ने साबित कर दिया है कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन अब संवेदनशीलता और तत्परता के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है।

जशपुर जिले में परिवहन विभाग ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए एक आवेदक को वाहन अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। आवेदक एच.एल. भगत ने झारखंड राज्य के लिए वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन एनओसी सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।

शिकायत प्राप्त होने के बाद परिवहन विभाग ने तत्काल मामले की जांच कर आवेदक से दूरभाष पर संपर्क किया और बताया कि वर्तमान में झारखंड के लिए ऑनलाइन एनओसी सुविधा उपलब्ध नहीं है। विभाग ने उन्हें ऑफलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी उपलब्ध कराई। समाधान मिलने के बाद आवेदक ने संतोष व्यक्त किया।

वहीं, सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खोंधर निवासी श्रीमती संजुक्ता पटेल का आधार कार्ड तकनीकी कारणों से निष्क्रिय हो गया था, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही थी। समस्या से परेशान होकर उनके परिवार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और ई-जिला प्रबंधन टीम ने मामले का परीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर आधार कार्ड को पुनः सक्रिय करा दिया। त्वरित कार्रवाई से लाभान्वित संजुक्ता पटेल ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी जल्दी समाधान मिलने की उन्हें उम्मीद नहीं थी।

इन दोनों मामलों ने एक बार फिर साबित किया है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद प्लेटफॉर्म बन चुकी है। शासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली और प्रशासन की जवाबदेही के कारण लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन नीति के तहत प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी और परिणामोन्मुख बनाने के प्रयासों का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आमजन को समय पर राहत मिल रही है और शासन तथा नागरिकों के बीच संवाद और विश्वास की नई मिसाल स्थापित हो रही है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में सुशासन की नई पहचान बनकर उभरी है। इससे आम नागरिकों को समय पर राहत मिल रही है और शासन के प्रति भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।"