CG : मुंगेली की बेटी सुप्रिया ठाकुर बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, ऑल इंडिया रैंक-4 से रचा इतिहास
मुंगेली। मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा की रहने वाली सुप्रिया ठाकुर का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है। सुप्रिया का चयन SSC (W) Tech-66 Entry के माध्यम से हुआ और उन्हें 17 एसएसबी बोर्ड, बेंगलुरु से रिकमेंडेशन मिला।
खास बात यह रही कि उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स वैकेंसी में ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सुप्रिया ने सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंड्री स्कूल, तारबहार, बिलासपुर से स्कूली शिक्षा पूरी की और इसके बाद चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की
वे एनसीसी ‘C’ सर्टिफिकेट धारक हैं और इसी दौरान सेना के संपर्क में आने से उनके भीतर देशसेवा का सपना और मजबूत हुआ। बचपन से सेना में अधिकारी बनने का सपना देखने वाली सुप्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और भाई को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।
उनके पिता वैदेही शरण सिंह श्रीनेत और माता संतोषी सिंह श्रीनेत मूल रूप से टेढ़ाधौरा के निवासी हैं, जबकि सुप्रिया की पढ़ाई बिलासपुर में हुई। उनकी इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी बधाई दी है।
मुंगेली की यह बेटी अब ट्रेनिंग एकेडमी में प्रशिक्षण लेकर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देशसेवा का संकल्प पूरा करेंगी और यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और बड़े सपनों के दम पर गांव से निकलकर भी देश की शान बना जा सकता है।

Reporter 

