2000 नौकरियों का सुनहरा मौका : अंबिकापुर में 27 जून को लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला,11 से अधिक निजी कंपनियां करेंगी भर्ती, 8वीं पास से लेकर ग्रेजुएट और आईटीआई युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
अंबिकापुर/जशपुर। सरगुजा संभाग के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। 27 जून को अंबिकापुर में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय रोजगार मेले में लगभग 2000 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित इस मेले में 11 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में श्री क्वालिटी सर्विस, वेदांत स्किल, श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड, आश्रव फाउंडेशन, सेफ इंटेलिजेंस सिक्योरिटी सर्विसेज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी अंबिकापुर, यूनिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, वीसी इंस्टीट्यूट तथा टीवीएस सुजुकी मोटर गुजरात प्राइवेट लिमिटेड सहित कई कंपनियां शामिल होंगी।
भर्ती के लिए क्वालिटी इंस्पेक्टर, फीटर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, एचआर एग्जीक्यूटिव, केयर टेकर, हाउस कीपिंग स्टाफ, मार्केटिंग मैनेजर, डेटा एंट्री ऑपरेटर, टेली कॉलर, काउंसलर, ऑफिस असिस्टेंट, ट्रेनिंग ऑफिसर, ट्रेनी प्रोडक्शन एवं ऑपरेटर सहित अनेक पद निर्धारित किए गए हैं।
इस रोजगार मेले की सबसे खास बात यह है कि 8वीं, 10वीं, 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर अभ्यर्थियों के साथ-साथ कम शिक्षित एवं अशिक्षित युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
वेतनमान पद एवं योग्यता के अनुसार 6,500 रुपये से लेकर 35,800 रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है। एसबीआई लाइफ के डेवलपमेंट ऑफिसर पद के लिए 20 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तथा टीवीएस सुजुकी के ऑपरेटर पद के लिए डिप्लोमा धारकों को 21,033 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से ऑनलाइन पंजीयन कराने और रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। पंचायत एवं नगरीय निकायों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि संभाग के अधिक से अधिक बेरोजगार युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।

Reporter 

