जशपुर में शिक्षा पर सख्ती: बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य, लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

जशपुर में शिक्षा पर सख्ती: बायोमेट्रिक हाजिरी अनिवार्य, लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

जशपुर। जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, शिक्षा की गुणवत्ता में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पाठ्यपुस्तक वितरण, अपार आईडी निर्माण, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड और ‘जश लर्न’ कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बिना उचित कारण बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले शिक्षकों के वेतन भुगतान पर रोक लगाई जा सकती है।

उन्होंने विद्यालयों में शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने, अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क करने और जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही स्मार्ट क्लास और डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। बैठक में ‘जश लर्न’ कार्यक्रम की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने बताया कि यह पहल बच्चों की बुनियादी गणितीय क्षमता मजबूत करने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रशासन का लक्ष्य जिले में बेहतर और तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था तैयार करना है।