पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुर्गापुर में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बातचीत में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा के पक्ष में माहौल बनने का दावा किया।
यूसीसी को बताया संविधान का एजेंडा
यूसीसी के मुद्दे पर ममता बनर्जी के आरोपों का जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि यह भाजपा का नहीं, बल्कि देश के संविधान का एजेंडा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कानून धर्म के आधार पर होना चाहिए या सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी देश में समान कानून की पक्षधर है।
एसआईआर पर ममता पर साधा निशाना
एसआईआर को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर भी शाह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी न्यायपालिका पर हमला कर रही हैं, जबकि यह प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के तत्वावधान में चल रही है, न कि चुनाव आयोग के।
रैली में टीएमसी पर तीखा हमला
इससे पहले बीरभूम जिले के खैरासोल में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में ‘कट-मनी सिंडिकेट’ के जरिए जनता का शोषण किया गया है और भाजपा की सरकार बनने पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कड़ी कार्रवाई की दी चेतावनी
शाह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करने वालों और हिंसा में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोग अगर छिप भी जाते हैं, तब भी उन्हें ढूंढकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक बनर्जी को लेकर भी साधा निशाना
अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी उन्हें राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।

