पेरिस में विदेश सचिव विक्रम मिस्री की फ्रांस के विदेश मंत्री से मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

पेरिस में विदेश सचिव विक्रम मिस्री की फ्रांस के विदेश मंत्री से मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा

विक्रम मिस्री ने पेरिस में फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री जीन-नोएल बैरोट से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों और मौजूदा वैश्विक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।

मध्य पूर्व हालात पर भी हुआ विचार-विमर्श

बैठक में खासतौर पर मध्य पूर्व की स्थिति और वैश्विक तनाव के मुद्दों पर चर्चा हुई। अमेरिका-ईरान के बीच ‘इस्लामाबाद टॉक्स’ के बेनतीजा रहने के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।

द्विपक्षीय सहयोग के कई क्षेत्रों पर फोकस

दोनों देशों के बीच रक्षा, सिविल न्यूक्लियर ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर एवं डिजिटल सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन की सह-अध्यक्षता

विदेश मंत्रालय के अनुसार, विक्रम मिस्री फ्रांस के विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएन्स के साथ भारत-फ्रांस फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन (एफओसी) की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। इस दौरान दोनों देश विभिन्न द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर रणनीतिक संवाद करेंगे।

सांस्कृतिक केंद्र का भी किया दौरा

मुलाकात से पहले मिस्री ने पेरिस स्थित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र का दौरा किया और कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें भारतीय कलाकारों की समकालीन कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं।

जर्मनी दौरे पर भी जाएंगे मिस्री

फ्रांस दौरे के बाद विक्रम मिस्री जर्मनी जाएंगे, जहां वे भारत-जर्मनी फॉरेन ऑफिस कंसल्टेशन की सह-अध्यक्षता करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

उच्च-स्तरीय संवाद की निरंतरता

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा हाल ही में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन नेतृत्व के भारत दौरे के बाद हो रहा है। यह भारत-यूरोप के बीच नियमित उच्च-स्तरीय संवाद और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।