जिंदा जली महिला, चारा लाने खेत गई थी, तभी बेहोश होकर गिरी, पराली की आग में जलकर हो गई मौत..
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला में एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। महिला खेत गई हुई थी, इसी दौरान पराली की आग की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद मृतिका महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना कसडोल थाना क्षेत्र की है। गांव की रहने वाली 50 वर्षीय प्रभा साहू आज सुबह खेत में चारा लाने के लिए गई हुई थी। बताया जा रहा है कि आसपास के खेतों में किसानों ने पराली में आग लगाया था।
सुबह धुआं ज्यादा होने के कारण महिला धुएं की चपेट में आकर बेहोश होकर खेत में ही गिर गई। घटना के वक्त कोई नहीं था। बताया जा रहा है कि करीब दो घंटे तक महिला खेत में पड़ी और पराली की आग महिला तक जा पहुंची। इस दुखद घटना में महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई।
किसानों ने जब महिला को जलते देखा तो इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। कसडोल पुलिस भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस आशंका जता रही है कि चारा लाने गई महिला पराली के धुएं की चपेट में आने से बेहोश हो गई और आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच में जुट गई है। वहीं, महिला की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

Reporter 

