राजधानी में दिनदहाड़े महिला से लूट, मोबाइल फोन और चांदी के जेवर से भरा बैग छीनकर भागे आरोपी
रायपुर। राजधानी के व्यस्तम आमापारा क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार दो लुटेरों ने ब्यूटी पार्लर संचालिका से बैग लूटकर फरार हो गए। घटना शाम करीब छह बजे की है, जब भीड़भाड़ के बावजूद आरोपित झपट्टा मारकर महिला का बैग लेकर फरार हो गए। बैग में मोबाइल फोन और करीब 90 हजार रुपये के चांदी के जेवर थे। पीड़िता की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है, मगर अब तक आरोपित पकड़ से दूर हैं।
पुलिस के मुताबिक मुर्रा भट्ठी निवासी 38 वर्षीय रूचि केशरवानी ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह रविवार शाम किसी काम से आमापारा पहुंची थी। आमापारा चौक के पास खड़ी होने के दौरान ही बाइक में आए दो युवक उनके पास आकर रूके। पीछे बैठे लुटेरे ने अचानक झपट्टा मारकर महिला का बैग छीन लिया और बाइक सवार दोनों अग्रसेन चौक की ओर तेजी से भाग निकले।
Raipur News: वहीं अचानक हुई घटना से महिला घबरा गई और चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद आसपास लोगों की भीड़ तो जुटी, लेकिन कोई भी लुटेरों को पकड़ नहीं पाया। पीड़िता सीधे आजाद चौक थाने पहुंचीं और एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

Reporter 

