शर्त के चक्कर में डैम में लगाई छलांग, 48 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं; NDRF जुटी तलाश में

शर्त के चक्कर में डैम में लगाई छलांग, 48 घंटे बाद भी युवक का पता नहीं; NDRF जुटी तलाश में

कोरबा।: मिनीमाता बांगो बांध में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे एक युवक की मस्ती उस वक्त हादसे में बदल गई, जब 24 वर्षीय रंजीत यादव ने डैम के गहरे पानी में छलांग लगा दी। इसके बाद वह दिखाई नहीं दिया। घटना के दो दिन गुजरने के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। अब उसकी तलाश की जिम्मेदारी NDRF की टीम ने संभाल ली है।

घटना के पीछे दोस्तों के बीच लगी एक शर्त को वजह बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बांध के पानी में छलांग लगाकर आगे तक पहुंचने को लेकर युवकों के बीच बात हुई थी। इसी दौरान रंजीत पानी में कूद गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इस पूरी घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पहले स्थानीय टीम ने संभाला मोर्चा

युवक के पानी में लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने भी तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। गोताखोरों और रेस्क्यू कर्मियों ने बांध के आसपास काफी देर तक तलाश की, लेकिन रंजीत का कोई सुराग नहीं मिला।

अंधेरा होने और पानी के तेज बहाव की वजह से अभियान को रोकना पड़ा। इसके बाद प्रशासन ने NDRF से मदद मांगी। सोमवार सुबह NDRF की टीम बांगो पहुंची और आधुनिक उपकरणों के साथ युवक की तलाश दोबारा शुरू की।