रायपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रायपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और तिरंगा फहराएंगे।
समारोह से पहले गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है। इसमें परेड, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कार्यक्रमों का अभ्यास किया जा रहा है।
इस बार स्वतंत्रता दिवस की परेड में कुल 17 टोलियां शामिल होंगी। इनमें BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार बिहार पुलिस की टोली भी परेड में हिस्सा लेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियां, जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टुकड़ियां भी कदमताल करती नजर आएंगी।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी टुकड़ियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परेड का अभ्यास कर रही हैं। परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे, जबकि निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे।
घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड होगा आकर्षण
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड की टीम अपने प्रशिक्षित कुत्तों के जरिए विशेष कौशल का प्रदर्शन करेगी। वहीं घुड़सवार दल की प्रस्तुति भी समारोह में शामिल लोगों का ध्यान आकर्षित करेगी।
पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। रिहर्सल के जरिए अधिकारियों और जवानों को उनकी जिम्मेदारियां समझाई जा रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि 15 अगस्त को मुख्य समारोह भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

