दर्दनाक हादसा: टीला एनीकट के पास नदी में गिरी तेज रफ्तार कार, दीपावली मनाने जा रहे माता-पिता और दो बच्चों की मौत"

दर्दनाक हादसा: टीला एनीकट के पास नदी में गिरी तेज रफ्तार कार, दीपावली मनाने जा रहे माता-पिता और दो बच्चों की मौत"

अभनपुर. दीपावली का त्योहार मनाने अपनों के बीच अपने गांव लौट रहा परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया. अभनपुर के टीला एनीकट के पास रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी. हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं.

दिवाली मनाने गृहग्राम जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ दीपावली मनाने गरियाबंद के पसौद जा रहे थे. इसी दौरान रात करीब 1 बजे वह टीला एनीकट के पास पहुंची. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नदी में जा गिरी.

परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

हादसे में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और दोनों बच्चों की जान चली गई. स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. नदी से सभी के शवों को बाहर निकाला गया. पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

जांच में जुटी पुलिस

गोबरा नवापारा पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर कार अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है. हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा? इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे की परिस्थितियों का पता लगा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.