गरियाबंद। सावन की फुहार, हरियाली का रंग और महिलाओं का उत्साह… गरियाबंद में कुछ ऐसा ही खुशनुमा माहौल देखने को मिला, जब ब्यूटीफुल लेडीज ग्रुप की महिलाओं ने मिलकर सावन झूला सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन किया। हाईस्कूल रोड स्थित देवांगन फार्म में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक हरे रंग की साड़ियों में सजकर सावन की खुशियों को उत्सव के रूप में मनाया।
कार्यक्रम की खास थीम ‘ग्रीन साड़ी’ रखी गई थी। इसी थीम के अनुरूप महिलाएं आकर्षक पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं। साड़ियों के साथ पारंपरिक श्रृंगार और महिलाओं का खूबसूरत अंदाज पूरे आयोजन में आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सावन की थीम और महिलाओं की सजावट ने माहौल को उत्सवी बना दिया।

