आरंग को मिलेगी विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में करोड़ों के कार्यों का होगा लोकार्पण और भूमिपूजन : कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने तैयारियों की ली उच्च स्तरीय समीक्षा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध और भव्य आयोजन के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 6 जुलाई को नगर पंचायत समोदा में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने रायपुर स्थित सर्किट हाउस (सिविल लाइन) में अधिकारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, मंच व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आम नागरिकों की सुविधा सहित सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विदित हो कि 6 जुलाई का यह आयोजन आरंग विधानसभा के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, जहां करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।
वाटरप्रूफ डोम से लेकर बिजली-पानी तक हर व्यवस्था होगी दुरुस्त
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ डोम, निर्बाध विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और आम जनता के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए सभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पहले से तैयार रखी जाएं।
'जनता से किया हर वादा पूरा करना हमारी प्राथमिकता'
बैठक के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र की जनता से किए गए विकास के प्रत्येक वादे को पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समोदा में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा और इससे आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।
समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
लोकार्पण एवं भूमिपूजन से जुड़े सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम से पहले सभी परियोजनियां तैयार रहें।
सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन को विस्तृत सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। इसके लिए रूट चार्ट, पार्किंग योजना और सुरक्षा घेरा पहले से तय किया जाए।
क्षेत्र को मिलेंगी विकास की नई सौगातें
समोदा में आयोजित होने वाले इस समारोह के दौरान सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं से जुड़ी अनेक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया और कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया।

Reporter 

