जशपुर जिले में प्रशासन की संवेदनशील पहल बनी मिसाल,सेवानिवृत्ति के दिन ही मिला पेंशन आदेश: जशपुर में 9 कर्मचारियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित

जशपुर जिले में प्रशासन की संवेदनशील पहल बनी मिसाल,सेवानिवृत्ति के दिन ही मिला पेंशन आदेश: जशपुर में 9 कर्मचारियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित

जशपुर । सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन संबंधी औपचारिकताओं के लिए महीनों तक इंतजार करने की आम धारणा के बीच छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले ने एक सकारात्मक और प्रेरक उदाहरण पेश किया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने शिक्षा विभाग के 9 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) सौंपकर न केवल सम्मानित किया, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में समयबद्धता और संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी उनके वर्षों की सेवाओं की सराहना की।

जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि 30 जून 2026 को शिक्षा विभाग के कुल 9 अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं। इनमें फरसाबहार विकासखंड से 3, पत्थलगांव से 5 तथा कुनकुरी से 1 कर्मचारी शामिल हैं। सेवानिवृत्त होने वालों में 5 प्रधान पाठक, 1 उच्च वर्ग शिक्षक, 1 व्याख्याता, 1 सहायक ग्रेड-02 तथा 1 भृत्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची पहले से तैयार कर ली जाती है। लगभग तीन महीने पूर्व ही पेंशन, अवकाश नकदीकरण एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। विकासखंड स्तर के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाती हैं, ताकि कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के दिन ही उसका पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपा जा सके।

प्रशासन की इस पहल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनावश्यक भागदौड़ और विलंब से राहत मिल रही है। समय पर पेंशन स्वीकृति और सम्मान के साथ विदाई की यह व्यवस्था सुशासन, पारदर्शिता और कर्मचारी हितैषी प्रशासन का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आई है, जिसकी सराहना जिले में व्यापक रूप से की जा रही है।