बालोद में बड़ा हादसा: सीवरेज लाइन खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, 4 मजदूर नाली में दबे; मौत की आशंका

बालोद में बड़ा हादसा: सीवरेज लाइन खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, 4 मजदूर नाली में दबे; मौत की आशंका

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से 4 मजदूर गहरी नाली में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चारों मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है।

घटना दल्लीराजहरा के फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने की बताई जा रही है। यहां बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत खुदाई का काम चल रहा था। मजदूर गहरी नाली में उतरकर पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और देखते ही देखते चारों मजदूर मलबे में दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद आसपास काम कर रहे लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी भी घटनास्थल पहुंच गए।

राहत-बचाव टीम जेसीबी और चेन माउंट मशीन की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई है। देर शाम तक मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश जारी रही। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं।

प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गहरी खुदाई के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में दहशत और गम का माहौल है।