Gold Rs 9 Lakh 10 Gram: ₹9 लाख पहुंचेगा सोना? ''रिच डैड पुअर डैड'' के लेखक की भविष्यवाणी ने मचाई खलबली

Gold Rs 9 Lakh 10 Gram: ₹9 लाख पहुंचेगा सोना? ''रिच डैड पुअर डैड'' के लेखक की भविष्यवाणी ने मचाई खलबली

नेशनल डेस्क: Global Market में सोने के दाम जिस रफ़्तार से बढ़ रहे हैं, उसने निवेशकों और आम जनता दोनों को हैरान कर दिया है। अभी तक लोग सोने के 2 लाख रुपये तक पहुंचने की चर्चा कर रहे थे, लेकिन अब दुनिया के मशहूर वित्तीय लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने एक ऐसी भविष्यवाणी की है जिसने सबको चौंका दिया है। उनके अनुसार, आने वाले समय में सोना 9 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम (तोला) के स्तर को भी छू सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 'गोल्ड रश'

ग्लोबल मार्केट में सोने की चमक फीकी पड़ने का नाम नहीं ले रही है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक:-

  • सोमवार को पहली बार सोना $5,000 प्रति औंस के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गया।

  • साल 2025 में सोने ने लगभग 64% की भारी बढ़त दर्ज की थी और 2026 की शुरुआत में भी यह सिलसिला जारी है।

  • अनुमान है कि इस साल के अंत तक भाव $6,000 और 2026 के अंत तक $7,150 प्रति औंस तक जा सकते हैं।

क्यों लग रही है कीमतों में आग? (बड़े कारण)

सोने की इन आसमान छूती कीमतों के पीछे कई ठोस वजहें हैं:-

  1. सेंट्रल बैंकों की खरीदारी: भारत, चीन और पोलैंड जैसे देशों के केंद्रीय बैंक अमेरिकी डॉलर पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए भारी मात्रा में सोना जमा कर रहे हैं। दुनिया भर के बैंक हर महीने लगभग 60 टन सोना खरीद रहे हैं।

  2. सुरक्षित निवेश: वैश्विक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के दौर में निवेशक शेयर बाजार या बॉन्ड के बजाय सोने को सबसे सुरक्षित मान रहे हैं।

  3. ETF में भारी पैसा: 2025 में Gold ETF में करीब 89 अरब डॉलर का निवेश आया, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

भारतीय बाजार और मिडिल क्लास पर असर

अगर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का अनुमान सही साबित होता है, तो भारत में सोने के दाम 2.3 लाख से 2.5 लाख रुपये प्रति तोला तक जा सकते हैं।

  • ज्वेलरी मार्केट: बढ़ते दामों के कारण आम आदमी के लिए गहने बनवाना कठिन हो गया है।

  • नया ट्रेंड: अब लोग भारी गहनों के बजाय निवेश के उद्देश्य से सोने के सिक्के और छोटी ईंटें (Bars) खरीदना पसंद कर रहे हैं।

क्या वाकई 9 लाख होगा रेट?

रॉबर्ट कियोसाकी का मानना है कि दुनिया भर में बढ़ते कर्ज और आर्थिक संकट की वजह से सोना $27,000 प्रति औंस तक जा सकता है। इसी हिसाब से भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत 9 लाख रुपये के आसपास बैठती है। हालांकि उन्होंने इसकी कोई निश्चित तारीख नहीं दी है, लेकिन उनका इशारा साफ है कि भविष्य सोने का ही है।