छत्तीसगढ़ में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर के जिलों में भी बरसेंगे बादल

छत्तीसगढ़ में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर के जिलों में भी बरसेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। रविवार को बिलासपुर में सुबह से शाम तक बारिश का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

इसी बीच पड़ोसी राज्य ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में मंगलवार को बिजली गिरने से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तुमला थाना क्षेत्र निवासी चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं धान की रोपाई करने के लिए सुंदरगढ़ गई थीं। काम के दौरान अचानक बिजली गिरने से दोनों इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 20 से अधिक मजदूर घायल भी हुए हैं। घायलों को सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

मौसम विभाग ने बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों और खेतों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक मानसून की बारिश सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम हुई है। आगामी दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ हद तक सुधार होने की उम्मीद है।