मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पर्यटन विजन को राष्ट्रीय पहचान, 21 राज्यों के बीच छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड का अभिनव पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र : टीटीएफ कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ को मिला ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पर्यटन विजन को राष्ट्रीय पहचान, 21 राज्यों के बीच छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड का अभिनव पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र : टीटीएफ कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ को मिला ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ सम्मान

रायपुर | 13 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार नई पहचान मिल रही है। इसी कड़ी में देश के प्रतिष्ठित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए "बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस" सम्मान अपने नाम किया। 21 राज्यों की भागीदारी वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के आकर्षक, नवाचारपूर्ण और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध पवेलियन ने विशेषज्ञों, निवेशकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

यह सम्मान केवल उत्कृष्ट स्टॉल सज्जा का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक धरोहर, इको-टूरिज्म और आधुनिक पर्यटन दृष्टिकोण को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सफलता का भी प्रतीक माना जा रहा है।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की दमदार मौजूदगी

10 से 12 जुलाई तक कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय टीटीएफ-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड का पवेलियन लगातार आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, राम वन गमन पर्यटन परिपथ, धार्मिक पर्यटन, इको-टूरिज्म और राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया, जिसे देशभर से आए आगंतुकों और पर्यटन विशेषज्ञों ने सराहा।

निवेश और पर्यटन साझेदारी को मिली नई दिशा

आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन तथा प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों, ट्रैवल कंपनियों और निवेशकों के साथ कई महत्वपूर्ण बी-टू-बी (Business to Business) बैठकें कीं।

इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज, विपणन सहयोग, नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच और छत्तीसगढ़ में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की रणनीति पर व्यापक चर्चा हुई। इससे राज्य में भविष्य के पर्यटन निवेश और निजी भागीदारी के नए अवसरों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

28 पर्यटन उद्यमियों ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व

मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के साथ राज्य और अन्य राज्यों के लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल संचालकों, होम-स्टे संचालकों और पर्यटन उद्यमियों ने भी भागीदारी की। इससे राज्य के पर्यटन उत्पादों को राष्ट्रीय पर्यटन उद्योग के समक्ष प्रस्तुत करने और नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों ने की सराहना

उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष तथा थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया। सभी ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय विरासत, धार्मिक पर्यटन और पर्यटन विकास की संभावनाओं की खुलकर प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री के विजन से पर्यटन को नई उड़ान

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में राज्य पर्यटन क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि टीटीएफ जैसे राष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को देश और दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास, स्थानीय रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण का मजबूत आधार मानते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। वहीं प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने इस उपलब्धि को पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।