बड़ी कामयाबी: नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, जानिए कैसे खाकी की गिरफ्त में आया मुख्य आरोपी
रायगढ़। जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम धनागर में 240 लीटर नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद फरार मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके विकास नगर स्थित निवास पर बड़ी दबिश दी। पुलिस ने मकान पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। घर पर ताला मिलने और परिवार के कई दिनों से अनुपस्थित होने की जानकारी के बाद नियमानुसार नोटिस चस्पा किया गया। गौरतलब है कि 8 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब सिंडिकेट का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई में करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई थी। मामले में गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल ने पूछताछ में विनय सिंह ठाकुर और सुभाष पटेल के साथ मिलकर लंबे समय से इस कारोबार को संचालित करने की बात स्वीकार की थी।
इसके बाद 10 जून को फरार आरोपी सुभाष पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह स्प्रिट मिलाकर शराब की मात्रा बढ़ाता था और नकली लेबल व होलोग्राम लगाकर बाजार में खपाता था। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Reporter 

