दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, आग की चपेट में आने से चालक की दर्दनाक मौत
पिंटू दुबे, बिलासपुर। CG Accident : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के संबलपुरी ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा हो गया, यहां दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस ओवरब्रिज पर एक ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
दुर्भाग्यवश, ट्रक का चालक वाहन के केबिन के भीतर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिसके कारण आग में झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Reporter 

