जंगल के जलस्रोत के पास मिले मोर, कबरबिज्जू और वन्यजीवों के शव, इलाके में हड़कंप

जंगल के जलस्रोत के पास मिले मोर, कबरबिज्जू और वन्यजीवों के शव, इलाके में हड़कंप

खैरागढ़।  जिले के ग्राम दल्लीखोली, लछना के जंगल में एक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। वन्यजीव प्रेमी मुकेश वर्मा बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए जंगल पहुंचे थे, जहां उन्हें सबसे पहले एक ग्रेटर रैकेट-टेल्ड ड्रोंगो मृत अवस्था में मिला। आसपास तलाश करने पर एक नर मोर, दो मोरनी, तीन एशियन पाम सिवेट (कबरबिज्जू) समेत कई पक्षियों के शव दिखाई दिए।

मुकेश वर्मा ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में पोस्ट किया, जिसके वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृत पक्षियों में रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट भी शामिल बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि जलस्रोत में किसी जहरीले पदार्थ के मिल जाने से यह घटना हुई हो सकती है।

वन विभाग ने मौके से पानी और अन्य सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। डीएफओ पंकज राजपूत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।