ट्रेन में समोसों पर पैर रखकर बैठा वेंडर! VIDEO वायरल होते ही भड़के लोग

ट्रेन में समोसों पर पैर रखकर बैठा वेंडर! VIDEO वायरल होते ही भड़के लोग

चलती ट्रेन में यात्रियों को बेचने के लिए रखे समोसों पर पैर रखकर बैठे एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की खाद्य स्वच्छता व्यवस्था और ट्रेनों में बिकने वाले खाने की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल क्लिप में एक व्यक्ति ट्रेन के दरवाजे के पास फर्श पर बैठा दिखाई दे रहा है। वह फोन पर बात करता नजर आता है, जबकि उसके पैरों के नीचे समोसों की ट्रे रखी हुई है। दावा किया जा रहा है कि यही समोसे यात्रियों को बेचे जाने थे। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने इसे यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ बताते हुए रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि ट्रेनों में बिकने वाले खाने की स्वच्छता की जांच बेहद जरूरी है, क्योंकि इस तरह की घटनाएं सीधे यात्रियों की सेहत को खतरे में डाल सकती हैं।

मामला बढ़ने पर रेलवे ने जांच कर आधिकारिक बयान जारी किया। रेलवे के मुताबिक 20 मई से 22 मई 2026 के बीच ट्रेन नंबर 12809-10 में जांच की गई, लेकिन वीडियो में दिख रहा व्यक्ति रेलवे का अधिकृत स्टाफ नहीं पाया गया। रेलवे ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह किसी अनधिकृत फेरीवाले का मामला लग रहा है।

साथ ही अधिकारियों ने लाइसेंसी वेंडरों को निर्देश दिए हैं कि ट्रेनों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध फेरीवालों की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दें। इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों में अवैध रूप से खाने-पीने का सामान बेचने वालों की समस्या को उजागर कर दिया है। यात्रियों ने अब रेलवे से खाद्य सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त बनाने की मांग की है।